प्रदेश के मंत्री विधायकों ने ठुमके लगाकर किसानों का उड़ाया मजाक

भिण्ड, 12 अक्टूबर। इन्दौर में फैशन शो में शामिल प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल और महापौर कृष्णमुरारी मोघे, विधायक आकाश विजयवर्गीय ने प्रदेश के किसानों का मजाक उड़ाया, जो बेहद निंदनीय और शर्मनाक कृत्य है। यह आरोप कांगे्रस के जिला महामंत्री विवेक पचौरी ने लगाया।
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रदेश का अन्यदाता सड़कों पर जाम लगा रहा है, खाद के लिए लाइन लगा रहा है, पुलिस की लाठी खा रहा है, फर्जी मुकद्दमे लगवा कर संघर्ष कर रहा है और दूसरी तरफ प्रदेश के कृषि मंत्री, विधायक एवं महापौर स्टेज पर लड़कियों के साथ ठुमके लगा रहे हैं। पचौरी ने कहा कि किसानों पर और कितना अत्याचार किया जाएगा। रात को लाइन में लगकर सुबह का इंतजार करने वाले किसान भाइयों की कोई सुध नहीं ली जा रही। किसान भाइयों से मिलने एवं उनकी खाद की समस्या के समाधान के लिए भाजपा सरकार के नुमाइंदों पर समय नहीं है, लेकिन निर्लज्जता की पराकाष्ठा पार करते प्रदेश के मंत्री स्टेज पर बेटी की उम्र की लड़कियों के साथ कैट वॉक कर रहे हंै। वाह मामा शिवराज आप और आपके मंत्रिमण्डल के सदस्य बिजली, पानी, खाद, रोजगार जैसी मूलभूत समस्या को छोड़कर प्रदेश की जनता को निचोड़ कर ऐसा कैसे इतनी सहजता से कर लेते हैं, यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि जनता ने ही आपको कुर्सी पर बिठाया है, उसकी समस्याएं नहीं सुनोगे तो वही जनता आपको वहां से उतार फेंकेगी।