कलेक्टर ने अटल एक्सप्रेस-वे के लिए चौम्हों में किसानों से की चर्चा

भिण्ड, 29 सितम्बर। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं एसपी मनोज कुमार सिंह ने अटल एक्सप्रेस-वे के भारतमाला परियोजना में शामिल होने से शामावि चौम्हों में जमीन अधिग्रहण के संबंध में किसानों की बैठक ली।
कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर कहा कि निजी भूमि वाले किसानों को अधिग्रहित भूमि के बराबर उचित स्थान पर शासकीय भूमि आबंटित की जाएगी। किसानों की कितनी भूमि अधिग्रहित की जाएगी उसकी जानकारी भी आप सबको उपलब्ध करा दी जाएगी। कलेक्टर ने किसानों को अटल एक्सप्रेस-वे निकलने से होने वाले लाभ के बारे में भी बताया और किसानों से भूमि अधिग्रहण के संबंध में उनकी राय भी ली। इसी दौरान कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने चोम्हों में सीएम राइजिंग स्कूल बनाने हेतु चिन्हित जगह का अवलोकन कर ग्राम वासियों को सीएम राइजिंग स्कूल बनने से लाभ के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि यह स्कूल हिन्दी-अंग्रेजी दोनों माध्यम में संचालित होगा साथ ही स्कूल विश्व स्तरीय सुविधाओं (स्वीमिंग पूल, बैंकिंग काउंटर, डिजिटल स्टूडियो, कैफेटेरिया, जिम, थिंकिंग एरिया) से लैस होंगे। इनमें प्री-नर्सरी से हायर सेकंडरी की कक्षाएं संचालित होंगी। इन स्कूलों में 15 से 20 किमी की परिधि में रहने वाले बच्चे पढ़ेंगे और उन्हें स्कूल तक लाने व घर छोडऩे के लिए सरकार बस, वैन की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

खाद वितरण हेतु चिन्हित जगह देखी

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मण्डी भिण्ड में खाद वितरण हेतु चिन्हित जगह का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम भिण्ड-अटेर उदय सिंह सिकरवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।