डिप्टी कमाण्डेंट शर्मा उपराष्ट्रपति ने पुलिस पदक से किया सम्मानित

भिण्ड निवासी डिप्टी कमाण्डेंट शिवकुमार शर्मा को सराहनीय सेवा के लिए दिया गया पदक

भिण्ड, 24 मई। विज्ञान भवन नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित पुलिस पदक अलंकरण व पदम विभूषण केएफ रुस्तम व्याख्यानमाला समारोह में देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भिण्ड निवासी डिप्टी कमाण्डेंट शिवकुमार शर्मा को देश की सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया। यह पदक देश के उन पुलिस कर्मठ अधिकारियों व कर्मचारियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान देश की सेवा व सुरक्षा में अनुकरणीय कुशल प्रशासनिक क्षमता, देश की महत्वपूर्ण सुरक्षा गतिविधियों में प्रदर्शित दक्षता, प्रशिक्षण में कुशल क्षमतावान व सराहनीय सेवा का उदाहरण पेश किया हो एवं सर्विस के दौरान एक भी ऐसा कार्य नहीं किया हो जो अनुशायनहीनता में आता हो, साथ ही पूरा सेवा काल बेदाग रहा हो।
डिप्टी कमाण्डेंट शिवकुमार शर्मा द्वारा देश की सुरक्षा सेवा में लगाए गए लगभग 36 वर्ष की लम्बी अवधि के दौरान देश की अंतराष्ट्रीय सीमा से लगने वाले लगभग सभी राज्यों के अलावा विभिन्न आतंक विरोधी व नक्सल विरोधी अभियानों मे अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिसमें मुख्य रूप से पंजाब में लगातार तीन वर्ष से भी ज्यादा उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई जब वहां उग्रवाद अपने चरम पर था एवं 1993 से 1999 व 2005 से 2008 की अवधी जम्मू व कश्मीर में स्थानीय व विदेशी आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी।
डिप्टी कमाण्डेंट शर्मा देश के पूर्वोत्तर राज्यों मे त्रिपुरा, मणिपुर, मेघालय व असम के अलावा पश्चिम बंगाल में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं सेवाएं चुके हैं। प्रशिक्षण में उत्कृष्टता के कारण ये तीन साल से अधिक अवधी तक सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर में भी पदस्थ रहकर पीआरओ का अतिरिक्त प्रभार भी सकुशल तरीके से निर्वाह कर चुके हैं। यह अपनी सेवाकाल में देश की प्रमुख सूचना तंत्र संस्था (इंटेलिजेंस ब्यूरो) में रहते हुए मप्र के पुलिस रेंज निमाड़ के जिला खरगोन, खण्डवा, बड़वानी व बुहरानपुर में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने सेवाकाल में अपनी कार्य क्षमता के आधार पर इन्हें कई प्रशस्ति पत्र व पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। भारत के राष्ट्रपति द्वारा वर्ष 2022 के गणतंत्र दिवस के मौके पर घोषित यह पदक बल के कुल 36 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा दिया गया। इस मौके पर सीमा सुरक्षा बल व भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों के परिजन भी उपस्थिति थे।
मप्र के जिला भिण्ड के ग्राम सुनारपुरा से ताल्लुक रखने वाले शिवकुमार शर्मा ने अपनी उच्च शिक्षा स्नातकोत्तर तक एमजेएस कॉलेज भिण्ड से पूरी होते ही 1987 में बतौर अधीनस्थ अधिकारी चयनित होकर देश की सेवा में आए थे और अभी वर्तमान में गृह मंत्रालय के अधीन सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय नई दिल्ली में ऑपरेशनल डायरेक्टेट में पदस्थ हैं।