रेत, गिट्टी एवं तूरी के परिवहन में हो रहा भ्रष्टाचार और अवैध वसूली

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर, एसपी तथा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की

भिण्ड, 10 मई। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अशफाक खान ने जिले में गिट्टी, रेत एवं तूरी के परिवहन में हो रहे व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार एवं अवैध वसूली को लेकर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रफत वारसी को शिकायती पत्र भेजकर तत्काल अंकुश लगाए जाने के लिए आग्रह किया। उन्होंने कहा अवैध रूप से परिवहन में भ्रष्टाचार एवं बसूली की जा रही है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अवैध वसूली वालों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर की जाए।
मोर्चा के जिलाध्यक्ष अशफाक खान ने विभागीय अधिकारियों को ई पत्र के माध्यम से संज्ञान में लाया कि भिण्ड जिले में रेत, गिट्टी की खदान एवं पर्याप्त कृषि भूमिक होने के कारण जिले में रेत, गिट्टी एवं तूरी का परिवहन जिले के व्यापारियों द्वारा किया जाता है, लेकिन परिवहन के दौरान आमतौर पर देखा जा रहा है कि पुलिस, परिवहन विभाग, अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा परिवहन करने वाले वाहनों से स्वयं के कर्मचारी या प्राइवेट लडक़ों द्वारा जो कि अपराधिक तत्वों के अवैध वसूली कराई जाती है और अन्य तरीके से परेशान किया जाता है, जिस कारण से परिवहन करने वाले वाहन मालिकों एवं व्यापारियों में भय का वातावरण व्याप्त है। रेत, गिट्टी की खदानों से लेकर जिले की सीमा तक लगभग सभी पुलिस थानों की स्थिति एक समान है। यही समान स्थिति तूरी के परिवहन के दौरान देखी जा रही है, जिस कारण से व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के संज्ञान में लाकर उनको पत्र के माध्यम से बताया कि व्यापारियों को विभागीय अधिकारी और कर्मचारी परेशान करते हैं, इस पर तत्काल अंकुश लगाया जाए, हो रही अवैध वसूली एवं भ्रष्टाचार को पूरी तरह से बंद किया जाए।