फलदान कार्यक्रम में हर्ष फायर, गोली लगने से जीजा घायल

भिण्ड, 06 मई। जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम बगिया का पुरा कोषण में फलदान कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायर किए जाने से साले की शादी में शामिल होने आया जीजा गोली लगने से घायल हो गया। घायल जीजा को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार रौन थाना क्षेत्र के मढ़ी जैतपुरा गांव का निवासी प्रभात सिंह पुत्र अशोक सिंह राजावत बगिया का पुरा कोषण में स्थित ससुराल में साले शिवम सिंह भदौरिया के लगुन फलदान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। फलदान कार्यक्रम के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा हर्ष फायर किया गया, जिसके छर्रे प्रभात की पिडली में जा लगे। गोली लगने की घटना के बाद फलदान उत्सव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल प्रभात को स्थानीय लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान वीडियोग्राफी के फुटेज भी खंगाले हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।