मौ में कलश यात्रा के साथ गायत्री महायज्ञ शुरू

भिण्ड, 25 जनवरी। 24 कुण्डीय नव चेतना जागरण गायत्री महायज्ञ का मौ में बुधवार को कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा गायत्री शक्तिपीठ मौ से नगर प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जो हायर सेकेण्ड्री स्कूल के फील्ड मैदान में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।
मौ अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में 24 कुण्डीय नव चेतना जागरण गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। 26 जनवरी गुरुवार को गायत्री महायज्ञ में देव पूजन एवं प्रगयेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी एवं नारी जागरण पर संगीतमय विशिष्ट प्रवचन होंगे। 27 जनवरी शुक्रवार को आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी कन्या किशोर कौशल पर विशिष्ट उद्बोधन एवं दीप यज्ञ का आयोजन होगा। इसी क्रम में 28 जनवरी शनिवार को यज्ञ एवं पूर्ण आहूति एवं पुंसवन संस्कार का भव्य महोत्सव संपन्न होगा।
यह आयोजन परम पूज्य गुरुदेव युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया शक्ति स्वरूपा माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म सरक्षण व मार्गदर्शन में एवं आदिशक्ति मां गायत्री की विशिष्ट अनुकंपा से संपन्न होगा। मनुष्य में देवत्व का उदय धरती पर स्वर्गीय अवतरण हेतु आत्म निर्माण समाज से राष्ट्र निर्माण की परिकल्पना, समस्त नर-नारी एवं युवाओं में उपासना, साधना, आराधना के माध्यम से परिष्कृत कर चिंतन चरित्र व्यवहार से समस्त जन मानस को प्रेरित करने हेतु लोकजागरण जन सम्मेलन में 24 कुण्डीय विराट गायत्री महायज्ञ का यह आयोजन किया गया। यह आयोजन शांतिकुंज हरिद्वार के मनीषियों द्वारा संपन्न होगा। क्षेत्र के सभी प्रबुद्धजन इस पुण्य कार्यक्रम की वेला में पधारकर दुष्प्रबृत्ति उन्मूलन के मनोभावों के साथ आहुतियां देकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और अपने परिवार एवं समाज में सुख शांति स्थापित करें।