जनेश्वर मिश्र का समाजवादी पार्टी का थिंकटैंक कहा जाता था : यादव

सपा के संस्थापक सदस्य जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि मनाई

भिण्ड, 22 जनवरी। छोटे लोहिया नाम से विख्यात पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं महान समाजवादी नेता, सपा के संस्थापक सदस्य रहे जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि तिथि के अवसर पर रविवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय भिण्ड पर गोष्ठी एवं श्रृद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सपा नेताओं ने जनेश्वर मिश्रा को श्रृद्धासुमन अर्पित किए।
सपा जिलाध्यक्ष नीरज यादव ने छोटे लोहिया द्वारा किए गए संघर्षों से अवगत कराकर उन्हें श्रृद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि छोटे लोहिया स्व. जनेश्वर मिश्रा ने अपना समूचा जीवन समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति की आवाज बनकर कर गरीबों, शोषितों के लिए अथक संघर्ष किया। उन्हें समाजवादी पार्टी का थिंकटैंक कहा जाता था। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद लोहियाजी के आंदोलन में छात्र जीवन से ही सक्रिय भूमिका निभाई और लगातार चार बार सांसद, तीन बार राज्यसभा सांसद बनकर मोरारजी देसाई, चौधरी चरण सिंह, विश्वनाथ प्रताप सिंह, एचडी देवगौड़ा और इन्द्र कुमार गुजराल के मंत्रिमण्डल में वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। हम ऐसे महान समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्रा की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन करते हैं। हम सबको उनके द्वारा किए गए संघर्षों से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
समाजवादी विचारधारा से प्रेरित होकर आज कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के पूर्व संभागीय अध्यक्ष डॉ. कृपाल सिंह कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी के परिवार में जिलाध्यक्ष नीरज यादव ने शामिल किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हजूरी सिंह बघेल, वरिष्ठ नेता देशराज सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष दीपक यादव डीके, राधामोहन सिंह सिमराव, जिलाध्यक्ष यूथ बिग्रेड सूरज बघेल, डॉ. कृपाल सिंह कुशवाहा, विधानसभा उपाध्यक्ष भिण्ड अनिल यादव एवं अटेर दिनेश यादव, मनोज बघेल, सतेन्द्र सिंह, गप्पेसिंह तोमर, रोहित यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।