सामूहिक विवाह सम्मेलन सर्वसमाज के लिए पुनीत कार्य : सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया

मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजना के तहत 32 जोड़ों का हुआ विवाह एवं निकाह
सहकारिता मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ने दिया आशीर्वाद

भिण्ड, 15 जनवरी। सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया के मुख्य आतिथ्य में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह के सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन बौरेश्वर धाम ग्राम दुल्हागन में किया गया। इस सामूहिक विवाह के अवसर पर मंत्रोच्चारण के साथ उपस्थित वर एवं वधू ने स्टेज पर एक दूसरे को वरमाला पहनाई। इस दौरान सांसद श्रीमती संध्या राय, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत जेके जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कॉपरेटिव बैंक पूर्व चेयरमैन केपी सिंह भदौरिया, एसडीएम भिण्ड-अटेर उदय सिंह सिकरवार, प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण तथा कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अब्दुल गफ्फार एवं सहित अन्य अधिकारी, 32 वर-वधु एवं उनके परिजन उपस्थित थे।
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजना उन गरीब व्यक्तियों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है, जो लोग अपनी बेटी की शादी गरीबी के कारण नहीं कर पाते हैं। शादी में समय पर अच्छा सामान भी नहीं दे पाते थे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह से बड़ा कोई दान नहीं है। सामूहिक विवाह सम्मेलन सर्वसमाज के लिए पुनीत कार्य है। इस पुनीत कार्य में सरकार के साथ-साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब किसी भी परिवार में बेटी बड़ी होने लगती हैं तो माता-पिता को उसके विवाह के साथ-साथ दान-दहेज की चिंता सताने लगती है। इसलिए आज प्रत्येक समाज के लोग सामूहिक विवाह की ओर जुड़ रहे हैं और बहुत सारी ऐसी संस्थाएं हैं जो इस प्रकार के आयोजन में अग्रणी भूमिका अदा कर रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की एक अग्रणी पहल है। इससे गरीब वर्ग के लोग जो कन्या के विवाह हेतु चिंतित रहते हैं, उनकी परेशानी हल हो जाती है।

उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन सभी समाजों की आवश्यकता बनते जा रहे हैं। संपन्न समाज भी अब सामूहिक विवाह सम्मेलन में अपने बच्चों का विवाह कर रहे हैं। विवाह सम्मेलन आज की आवश्यकता है। विवाह सम्मेलन में जहां शादी करने वालों को आर्थिक लाभ होता है, वहीं सामाजिक समरसता भी आती है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को अपने बच्चों का विवाह सामुहिक विवाह सम्मेलन में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भिण्ड जिले के विकास खण्ड अटेर की 32 लड़कियों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजना में आज शादी की जा रही है। प्रदेश सरकार की पहल पर प्रत्येक जोड़े को 55 हजार रुपए देने का प्रावधान है। जिसमें 38 हजार रुपउ का सामान, 11 हजार रुपए नगदी चेक एवं छह हजार रुपए आयोजनकर्ता समिति को खर्च करने हेतु दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोड़े को रेडियो, छह फाइवर कुर्सी का सेट टेबल के साथ, टेबल फेन, दीवाल घड़ी, डाइनिंग टेबल छह कुर्सी सहित, 51 स्टील के बर्तन, कलर टीव्ही 32 इंच, स्टील की अलमारी, लोहे का निवार का पलंग, रजाई, गददा, दो तकिया, चादर, चांदी के आभूषण, प्रेशर कुकर, पायल, बिछिया, माथा टीका, मंगलसूत्र (70 टंच), वधू के वस्त्र साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट एवं चूडिय़ां, श्रंगार की सामग्री के अलावा वर-वधु को 11 हजार रुपए चैक के रूप में प्रदान किए गए।
सांसद श्रीमती संध्या राय ने विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सभी यह संकल्प लें कि बुरी आदतों को नहीं अपनाएं और भारतीय संस्कृति और परंपरा को बनाए रखें। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजना के तहत प्रशासन द्वारा बौरेश्वर धाम ग्राम दुल्हागन में सामूहिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें 32 जोड़ों का विवाह/ निकाह कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गरीब कन्याओं के विवाह के लिए यह योजना चलाई जा रही है। जिससे गरीब परिवारों पर कन्या के विवाह का बोझ न रहें। उन्होंने कहा कि सभी वर/वधु अपने जीवन को सुखमय बनाएं। प्रदेश सरकार ने उनके विवाह में सहयोग किया है, शादी के बाद वे अपने जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करें।