कठेरिया भाजपा कार्यकर्ताओं को मुंगेरीलाल के सपने दिखा रहे हैं : शिशुपाल सिंह

भिण्ड, 06 जनवरी। मप्र विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस की आंधी चलेगी और भाजपा का सूपड़ा साफ होगा और कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी, जनता शिवराज भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है। प्रदेश में गुंडाराज, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, स्वास्थ्य व्यवस्था, अपनी चरम सीमा पार कर चुकी है। बेरोजगार युवा, संविदा कर्मचारी और तमाम संगठन भाजपा सरकार से त्रस्त होकर प्रदेशभर में जन आंदोलन चला रहे हैं और मप्र भाजपा संगठन के सह प्रभारी भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया भाजपा कार्यकर्ताओं को मुंगेरीलाल के सपने दिखा रहे हैं। यह बात कांग्रेस आईटी सेल के जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह भदौरिया ने प्रेस को जारी बयान में कही।
शिशुपाल सिंह ने कहा कि बुधवार को भिण्ड आए रामशंकर कठेरिया ने भाजपा की जीत के खोखले दावे कर लहार में भी भाजपा को जिताने के मुंगेरीलाल के हसीन सपने कार्यकर्ताओं को दिखाएं। कठेरिया अपनी पूरी ताकत लगा लें, मैं चुनौती देता हूं अगर लहार विधानसभा में भाजपा को जीत दिला दें। लहार विधानसभा में अबकी बार डॉ. गोविन्द सिंह को जनता का अपार जनसमर्थन मिल रहा है, उसे देख कर लग रहा है कि एक लाख वोट पार करेंगे और कांग्रेस को प्रचण्ड बहुमत मिलेगा, कमलनाथ जी सरकार बनाएंगे।