नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु बैठक आयोजित

भिण्ड, 06 जनवरी। शा. बालक उमावि मौ में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी सामाजिक चेतना केन्द्रों के नोडल अधिकारी और संकुल सह समन्वयकों की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से जिला शिक्षा केन्द्र भिण्ड से एपीसी संदीप सिंह कुशवाहा, खण्ड शिक्षा अधिकारी गोहद नरेन्द्र सिंह तोमर, खण्ड स्त्रोत समन्वयक नरेन्द्र सिंह भदौरिया, ब्लॉक सह समन्वयक प्रदीप कुमार पटले और संकुल प्राचार्य अशोक कुमार शर्मा, कन्या मौ व जन शिक्षा केन्द्र अंधियारी प्राचार्य सुरेन्द्र सिंह चौहान उपस्थित रहे।
बैठक में राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार 14 दिसंबर 2022 को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज इंदौर में डॉ. राकेश दुबे नियंत्रक साक्षरता कार्यक्रम राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल और उनकी टीम द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों के पालन में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सभी जन शिक्षकों और संकुल सह समन्वयकों व नोडल अधिकारियों को असाक्षरों का शत-प्रतिशत डोर टू डोर सर्वे कार्य और प्रौढ़ शिक्षा ऐप पर शत-प्रतिशत नामांकन कार्य को गंभीरता के साथ करने और साक्षरता कार्यक्रम को जन आंदोलन बनाए जाने के दिशा निर्देश दिए, यह योजना एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2027 तक संचालित रहेगी, जिसमें 15 आयु वर्ग से 65 आयु वर्ग के महिला और पुरुषों को असाक्षर सर्वे में सम्मिलित किया जाएगा।
जिले से आए अधिकारी संदीप सिंह कुशवाहा ने बताया कि साक्षरता का प्रमुख उद्देश्य मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मक व समझ के साथ ज्ञान का विकास करना है, केवल हस्ताक्षर कर लेने से ही साक्षर मान्य नहीं है, नई शिक्षा नीति के अंतर्गत प्रौढ़ शिक्षा के स्थान पर अब सभी के लिए शिक्षा को स्थान दिया गया है, नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने पर अक्षर साथियों को प्रमाण पत्र के साथ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और कलेक्टर द्वारा विशेष मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

खण्ड शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिंह तोमर एवं प्रखण्ड स्त्रोत समन्वयक नरेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि साक्षरता केन्द्र को सामाजिक चेतना केन्द्र के नाम से पहचाना जाएगा, सभी सामाजिक चेतना केन्द्रों का एक नोडल अधिकारी विद्यालय वार नियुक्त किया गया है, जिसमें नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी व डाइट प्राचार्य एवं ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारी और संकुल प्राचार्य जन शिक्षा केन्द्र स्तर के सभी अधिकारियों द्वारा असाक्षरों की सुविधा अनुसार बनाए गए सामाजिक चेतना केन्द्रों की संचालित कक्षाओं की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाएगी। कक्षाओं में प्रौढ़ शिक्षा ऐप के माध्यम से टीसीएस इंदौर के सहयोग से असाक्षरों को वीडियो एवं सहायक सामग्री के माध्यम से साक्षर बनाने में मदद की जाएगी। बैठक में जन शिक्षक रामप्रसाद सिंह कुशवाह, प्रदीप श्रीवास्तव, घनश्याम सिंह कुशवाह, कृष्ण कुमार सक्सेना, रामलखन सिंह गुर्जर एवं संकुल समन्वयक रामनिवास सिंह कुशवाह, राजेन्द्र सिंह बघेल, अखिलेश सिंह गुर्जर सहित सभी सह समन्वयक उपस्थित रहे।