जिला अध्यक्ष ने कहा- प्रत्येक मण्डल में बड़ी स्क्रीन पर होगा समारोह का सीधा प्रसारण
भिण्ड, 10 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अक्टूबर को उज्जैन में श्री महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री के करकमलों से होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम का राजधानी के सभी मण्डलों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारण किया जाएगा एवं मन्दिरों में कार्यकर्ता दीप जलाकर दीपोत्सव मनाएंगे। देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने भिण्ड के नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा कि श्री महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर अपने-अपने घरों पर दीप जलाकर उत्सव मनाएं।
कार्यक्रमों में ये पार्टी नेता एवं जनप्रतिनिधि रहेंगे उपस्थित
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रमाकांत पटसारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि भिण्ड के विभिन्न मण्डलों में होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया ने बताया कि इसी प्रकार प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं मण्डल पदाधिकारी अपने-अपने मण्डलों में समारोह में उपस्थित रहेंगे।
सपा संस्थापक मुलायम सिंह के निधन पर जिलाध्यक्ष नरवरिया ने जताया शोक
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। जिलाध्यक्ष नरवरिया ने अपने शोक संदेश में कहा है कि देश के पूर्व रक्षामंत्री, उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति दे व शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।