13 से 17 जनवरी तक होगा पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव

भिण्ड, 10 जनवरी। चंबल संभाग की धर्मनगरी भिण्ड मेें लश्कर रोड़ स्थित कीर्तिस्तंभ जैन मंदिर में नव निर्माण एवं जीर्णोद्धार हेतु श्री 1008 मज्जिनेन्द्र आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं विश्वशांति महायज्ञ का भव्य आयोजन गणाचार्य विराग सागर महाराज ससंघ पिच्छि एवं मप्र शासन के राजकीय अतिथि मेडिटेशन गुरू विहसंत सागर महाराज के निर्देशन में 13 से 17 जनवरी तक आयोजित होने जा रहा है, जिसमेें दो दीक्षार्थियों की दीक्षाएं भी होंगी।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में मनोज जैन ने बताया कि वर्तमान में साक्षात तीर्थंकर भगवान का समोशरण हमारे पास नहीं है लेकिन इतना जरूर हमारे पास है कि हम आज भी जिनालय में समोशरण की जिनबिम्ब में तीर्थंकर देव की स्थापना करके अपने कर्मों का प्रक्षालन कर सकते हैं। अरहंत शासन में जिनबिम्ब सम्यक दर्शन में निमित्त कारण माना गया है सो उन पवित्र जिनबिम्बों का शमन करके सम्यकत्व को उपलब्ध हो सके, ऐसे प्रांजल भावों की भिण्ड नगर में पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव एवं गजरथ महोत्सव का आयोजन गणाचार्य विराग सागर महाराज के ससंघ 50 मुनिराज एवं आर्यिकाओं के ससंघ सानिध्य में एवं विहसंत सागर महाराज के पावन सानिध्य में होने जा रहा। जिसमें 13 जनवरी को गर्भ कल्याणक, 14 जनवरी को जन्म कल्याणक, 15 जनवरी को तप कल्याणक, 16 जनवरी को ज्ञान कल्याणक, 17 जनवरी को मोक्ष कल्याणक एवं कोरोना वायरस को दूर करने के लिये विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं।