भिण्ड, 02 जुलाई। जिले के कांगे्रस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को राजीव भवन नाम से भिण्ड में जिला कांग्रेस कार्यालय बनाने के संबंध में पत्र लिखकर मांग की है। पत्र में कहा गया है कि इसके लिए शीघ्र अनुमति प्रदान की जाए।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देशानुसार जिला भिण्ड में सर्किट हाउस में विगत दिनों संगठन सृजन अभियान के तहत जिला समन्वयक समिति की बैठक में एआईसीसी पर्यवेक्षक मो. आरिफ नसीम खान, पीसीसी पर्यवेक्षक प्रियव्रत सिंह, जिला प्रभारी बैजनाथ कुशवाहा, रामलखन दण्डोतिया, अटेर विधायक एवं उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे की उपस्थिति में बैठक के दौरान जिला संगठन मंत्री इरशाद अहमद ने पर्यवेक्षकों के समक्ष भिण्ड मे स्थाई जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन के नाम से बनवाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति प्रदान की थी। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा भिण्ड में स्थाई जिला कांग्रेस कार्यालय बनाने के लिये स्वैच्छिक सहयोग राशि प्रदान करने का भी आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में यह पत्र प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष को लिखा गया है।
संगठन श्रृजन अभियान बैठक में गोहद विधायक केशव देसाई, प्रदेश सचिव अनिरुद्ध प्रताप सिंह, प्रमोद चौधरी, धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया, प्रदेश संयुक्त सचिव मनोज दैपुरिया, पूर्व विधायक गोहद सोपत सिंह जाटव, राहुल सिंह भदौरिया, जिलाध्यक्ष मानसिंह सिंह कुशवाहा, शहर अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, जिला संगठन मंत्री इरशाद अहमद, सेवादल जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस रेखा भदौरिया, युवा कांग्रेस शैलेन्द्र सिंह गुर्जर, एसनएसयूआई जिलाध्यक्ष अंकित, पूर्व जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, जिलाध्यक्ष किसान कांग्रेस गजेन्द्र भदौरिया आदि उपस्थित रहे।