चंबल नदी से रेंगते हुए पांच किमी दूर बामन गांव में पहुंचा मगरमच्छ

– वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर चंबल नदी में छोडा

भिण्ड, 26 जून। चंबल नदी के अटेर घाट से एक मगरमच्छ रेंगते हुए पांच किमी दूर अटेर क्षेत्र के बामन गांव में पहुंच गया। गांव में मगरमच्छ दिखने के बाद लोगों में डर फैल गया। बुधवार की रात करीब 8 बजे मगरमच्छ गांव के पास दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और वन विभाग को सूचना दी। रात करीब साढे 9 बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जाल लगाकर मगरमच्छ को पकड लिया। रात में मगरमच्छ को सुरक्षित बंधक बनाकर रखा गया। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू कर चंबल नदी में छोड दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के डिप्टी रेंजर बलवीर चौरसिया ने कहा कि बारिश का सीजन शुरू होते ही नदियों में पानी बढने लगता है। ऐसे में मगरमच्छ सुरक्षित स्थान की ओर पलायन करते हैं। कई बार चंबल नदी के किनारे बसे गांवों के तालाबों में भी मिलते हैं। मगरमच्छ का रेस्क्यू कर नदी में छुडवाया गया है।