मेडिटेशन गुरू विहसंत सागर का महातीर्थ बरासों में मंगल प्रवेश 27 को

भिण्ड, 26 जून। समाधि सम्राट गणाचार्य विराग सागर महाराज एवं पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महाराज के शिष्य मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज, मुनि विश्व साम्य सागर महाराज ससंघ का महातीर्थ अतिशय क्षेत्र बरासों में 27 जून शुक्रवार को सुबह आठ बजे भव्य मंगल प्रवेश होने जा रहा है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पार्षद मनोज जैन ने बताया कि मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज ससंघ का भिण्ड नगर में चातुर्मास हेतु आगमन हो रहा है, जो इंदौर से शिवपुरी, गुना, सोनागिर, बेहट होते हुए महातीर्थ बरासों जैन मन्दिर में 27 जून को मंगल प्रवेश करेंगे। उन्होंने बताया कि भगवान महावीर स्वामी की समवशरण स्थली अतिशय क्षेत्र बरासों जैन मन्दिर की जीर्णशीर्ण हालात को देख कर पहली बार मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज ने चातुर्मास किया था, उन्होंने मन्दिर का जीर्णोद्धार कराकर देश प्रदेश में नाम किया जिसे देश के विभिन्न स्थानों के लोग अष्टमी एवं चौदस को दर्शन करने आते हैं।