हिन्दी भाषा से ही बढेगा जग में भारत का सम्मान : राजेन्द्र सिंह

-विश्व हिन्दी दिवस पर काव्य गोष्ठी आयोजित

भिण्ड, 14 सितम्बर। हिन्दी भारत की सबसे अधिक लोकप्रिय भाषा होने के साथ ही देश मे सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। हिन्दी भाषा के बढते प्रभाव को देखते हुए प्रतिवर्ष 14 सितम्बर को विश्व हिन्दी दिवस मनाया जाता है।
हिन्दी दिवस पर हिन्दी प्रेमी और अंतर्राष्ट्रीय अभिभाषक मंच के अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने कहा 1995 में यहां हिन्दी मां का मन्दिर बनवाया गया। हिन्दी के प्रचार प्रसार के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। न्यायालय में हिन्दी में न्यायाधीश अपना फैसला सुनाएं, ऐसा अभियान कई वर्षों से चलाया जा रहा है। हिन्दी दिवस के बारे में विस्तार से उन्होंने सभी को जानकारी दी।
कवि, साहित्यकार एवं विद्या भारती मध्य भारत के प्रांत पर्यावरण संयोजक राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पूरे भारत के लिए आज का दिन गौरवशाली है। जब हमारे देश के साथ ही संपूर्ण विश्व में हिन्दी दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में शिन्दे की छावनी के पास सत्यनारायण की टेकरी के पास हिन्दी माता का एक मात्र मन्दिर है। जहां हमारी हिन्दी को हिन्दी प्रेमियों ने मां का गौरवपूर्ण स्थान दिया है। हिन्दी दिवस पर सभी हिन्दी भक्तों ने मिलकर संकल्प लिया कि हम अपने व्यवहार, भाषा और बोलचाल में हिन्दी को प्राथमिकता देंगे। अपने हस्ताक्षर हिन्दी में करेंगे, हेलो की जगह हरिओम, राधे-राधे, जय श्रीराम कहेंगे। इस अवसर पर बीडी शर्मा, नवीन कुमार, मुकेश कुमार, एडवोकेट शिवानी जादौन, मोहन सिंह, बाबा रामदास महंत आदि हिन्दी भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात मन्दिर परिसर में पौधरोपण किया गया।