कार्यकर्ता की मेहनत से मिलेगी पार्टी को विजय : आर्य

प्रधानमंत्री मोदी की सभा में कल हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल

भिण्ड, 06 नवम्बर। मप्र विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आठ नवंबर को चंबल संभाग के मुख्यालय मुरैना में दोपहर दो बजे आयोजित विशाल जनसभा में गोहद विधानसभा से हजारों की संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने के लिए गोहद में चुनाव कार्यालय पर विधानसभा प्रभारी अवधेश सिंह कुशवाह, विधानसभा संयोजक रामबाबू उपाध्याय, रमेश तोमर, भगवान सिंह बघेल, कमल सिंह तोमर, भाजपा प्रत्याशी लालसिंह आर्य की उपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया।
गोहद विधानसभा से प्रत्याशी लालसिंह आर्य ने कहा कि कार्यकर्ता को स्वयं लालसिंह बनकर चुनाव लडना है, गोहद विधानसभा की जनता भाजपा को रिकार्ड मतों से विजयी बनाने का मन बना चुकी है, कार्यकर्ता को सजग प्रहरी की भूमिका का निर्वहन कर अपने बूथ की निगरानी करना है, कांग्रेस पार्टी भ्रम फैलाकर एवं षड्यंत्र कर सत्ता हासिल करना चाहती है, उनके द्वारा मुझे बदनाम किया जा रहा है, झूठी अफवाह उठाकर भ्रम की स्थिति निर्मित की जा रही है। सेक्टर प्रमुख, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए अपने बूथ पर ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि हम जीत रहे हैं, हमें जीत का अंतर बढाने के लिए लगातार मेहनत करना है। विधानसभा सयोजक रामबाबू उपाध्याय ने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री मंत्री नरेन्द्र मोदी आठ नवंबर को मुरैना आगमन होगा, जिसमें गोहद से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।