पोलिंग बूथ तक पहुंचेगा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान : मानसिंह

अभियान की तैयारी को लेकर गोरमी एवं मेहगांव ब्लॉक में बैठक आयोजित

भिण्ड, 26 दिसम्बर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 26 जनवरी 2023 से शुरू हो रहे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की तैयारियों को लेकर गोरमी एवं मेहगांव ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने कहा कि अब समय आमजन के लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को जानने का है। रोटी, कपड़ा और मकान पर टैक्स लगाने का काम भाजपा सरकार द्वारा किया गया है, इससे यह बात साबित होती है कि यह सरकार किसान नौजवान व्यापारी विरोधी सरकार है। इस भाजपा सरकार में गरीब और गरीब होता जा रहा है और सरकार का ध्यान बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगा हुआ है। कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट होकर घर-घर पहुंच कर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से कांग्रेस की रीति नीति व कमलनाथ सरकार में किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
इसी क्रम में वरिष्ठ नेता राहुल भदौरिया, रणजीत सिंह गुर्जर, बृजेन्द्र सिंह कल्लू भारौली ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का आयोजन गोरमी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजीव करैया व मेहगांव में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेन्द्र गुड्डू नरवरिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र राजौरिया एवं आभार गोरमी नप अध्यक्ष पति महेश्वरी जाटव ने व्यक्त किया। इसी अवसर पर प्रेमसिंह सखवार, जगत सिंह यादव, लायक सिंह गुर्जर, हरिओम कटारे, जबर सिंह कुशवाह, अभिषेक मौर्य इत्यादि लोग मौजूद थे।

राहुल यादव बने नगर कांग्रेस गोरमी के अध्यक्ष

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष संजीव करैया की अनुशंसा पर सभी पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं के समन्वय से पार्टी जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा द्वारा राहुल यादव को नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बनने पर माला पहनाकर शुभकामनाएं दी और कहा कि आज से ही आगामी 2023 की तैयारियों को लेकर पार्टी की रीति नीति के साथ आमजन के बीच जुट जाएं। नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने हमें जो जिम्मेदारी दी है, उस पर पार्टी के दिशा निर्देशों का पालन करने का काम करूंगा।