एक माह से चल रहे ऊं नम: शिवाय महाजाप का हुआ समापन

गुरु आज्ञा से कार्य जारी रहा है : मोहन मुनी

भिण्ड, 12 अगस्त। इटावा रोड पर सिटी कोतवाली के सामने स्थित कुण्डेश्वर महादेव मन्दिर संत महामण्डलेश्वर महंत बृह्मऋषी जी के निर्देशन में 13 जुलाई गुरु पूर्णिमा से शुरू हुआ ऊं नम: शिवाय महाजाप (रात-दिन) का श्रावण पूर्णिमा पर शुक्रवार को समापन हुआ। इस अवसर पर महंत मोहन मुनी मोनू महाराज ने विधि पूर्वक हवन, यज्ञ कर कन्याओं को रोली का तिलक लगा कर पूजन किया, उनको प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी कमलकिशोर शर्मा ने बताया है कि मोहन मुनी मोनू महाराज ने ऊँ नम: शिवाय जाप की महिमा को बताते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ को श्रावण मास बहुत पसंद है, इस मास में जो भक्त सोमवार व्रत रहकर बिलपत्र चढ़ाते हैं, उनको मनवांक्षित फल की प्राप्ति होती है। ऊँ नम: शिवाय पंचाक्षर का जाप करने से मन, क्रम व बुद्धि विकसित होती है व ऊँ कार की धुन से समस्त ब्रह्माण्ड में एक धुनि गुंजायमान होती है, जिससे प्रकति पर बहुत अच्छा प्रभाव पड़ता है, एक शांत मन से ऊँ जाप संपूर्ण कष्ट निवारण कर सकता है, मनुष्य को चाहिये कि हमेशा अपने घरों में ऊँ नम: शिवाय का जप अनवरत करते रहना चाहिए, जब समय हो जाप जरूर करें। आज समापन अवसर पर सहभागिता करने वाले भक्तों ने हवन पूजन किया, सभी पूजन कार्य पं. देवनारायण शास्त्री व शंभू शास्त्री विन्द्रावन धाम के द्वारा संपन्न किया गया, संपूर्ण कार्यक्रम में एक माह से प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से सहभागिता करने वाले सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया है, कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें।