चंबल के दोनों दुर्ग पर कांग्रेस की विजय पर चुरारिया ने जाताया मतदाताओं का आभार

भिण्ड, 21 जुलाई। नगरीय निकाय चुनाव में चंबल क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस का साथ सहृदय से दिया। चंबल संभाग की मुरैना नगर निगम में पहली बार कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, यहां से कांग्रेस की शारदा सोलंकी ने भाजपा की मीना जाटव को 12 हजार 874 वोटों को पराजित किया है। मेहगांव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ, गोरमी में सात प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कराते हुए अन्य नगर परिषदों में भी कांग्रेस का साथ दिया। इस चुनाव में जनता ने कांग्रेस का हाथ मजबूत करते हुए भाजपा को जनता की ताकत का अहसास कराते हुए निर्दलीय प्रत्याशियों को जिता कर भाजपा को करारा जबाव दिया है। नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में मतदान करते हुए जनता ने आगामी विधानसभा की स्क्रिप्ट लिखते हुए भाजपा को सकते में डाल दिया है। यह बात जिला कांग्रेस कमेट भिण्ड के उपाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा सनातन के प्रदेश अध्यक्ष नाथूराम शर्मा चुरारिया ने  प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कही। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह द्वारा चुनावी रणनीति में कार्रवाई की सराहना करते हुए चंबल संभाग के वरिष्ठ-कनिष्ठ कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी से त्रस्त आमजन भाजपा की गलत नीतियों के कारण देश की डूबती अर्थ व्यवस्था को देखते हुए देश और समाज को स्वस्थ बनाए रखने के लिए पुन: कांग्रेस की ओर बढऩे लगा है। आमजन को पूर्णतया अहसास हो गया है कि देश को विकास पथ ले जाने का काम सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। भाजपा के झूठे राष्ट्रवाद व सबका साथ सबका विकास जैसे लोक लुभावन वादे सिर्फ वादे हैं, हकीकत कुछ और ही है।