यदि जन्म से संस्कार अच्छे हों तो हमारा मरण भी अच्छा होता है : विनय सागर

मुनिश्री के चतुर्मास कार्यालय का किया गया उद्घाटन, कलश स्थापना 24 को

ग्वालियर, 19 जुलाई। जैसे संस्कार होंगे, वैसा ही हमारा संसार होगा। संस्कार से ही हम संस्कृति को प्राप्त कर सकते हैं। संस्कार ही एक ऐसी वस्तु है जो जन्म से लेकर मरण तक काम आती है। जन्म के समय संस्कार होते हैं तो मरण के समय भी होते हैं। यदि जन्म से हमारे संस्कार अच्छे हो तो हमारा मरण भी अच्छा होता है। मरण अच्छा श्रेष्ठ होने का अर्थ है कि अब हमारी यात्रा दैत्य की नहीं देवत्व की होगी। पुण्यात्मा परमात्मा की यात्रा होगी। यह विचार श्रमण मुनि श्री विनय सागर महाराज ने बुधवार को माधवगंज स्थित चातुर्मास स्थल अशियाना भवन में धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
मुनि श्री विनय सागर महाराज ने कहा कि संस्कारों से ही हमारा संसार अनंत भी होता है, अर्थात संस्कार से हम संसार से तर सकते हैं। संस्कार से ही डूब भी सकते हैं। हमारे अच्छे संस्कार ही स्वर्ग और मोक्ष हैं तो हमारे बुरे संस्कार ही नर्क, निगोद हैं। यह संस्कार में कुछ तो मां के गर्भ से प्राप्त होते हैं। कुछ पूर्व जन्म के होते हैं और कुछ तो संगति के होते हैं। इन सब संस्कारों में मां के द्वारा दिए गए संस्कार ही श्रेष्ठ होते हैं, जो गर्भ से लेकर आते हैं। इसलिए माताओं को चाहिए कि यदि वे अपनी संतान को कंस नहीं कृष्ण, मारीच नहीं महावीर, रावण नहीं राम, बुद्धु नहीं बुद्ध बनाना चाहती है। तो गर्भावस्था में श्रेष्ठ आचरण करें।

जैन कॉलेज की डायरेक्टर ने किया चतुर्मास कार्यालय का उद्घाटन

जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि श्रमण मुनि श्री विनय सागर महाराज से जैन कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. मयूरी जैन ने अपने जन्मदिन पर मंगल आशीर्वाद लिया। वहीं उन्होंने फीता खोलकर चातुर्मास कार्यालय का उद्घाटन किया। डॉ. मयूरी जैन के जन्मदिन पर चतुर्मास कमेटी के कमलेश जैन, चक्रेश जैन, राजेश जैन लाला, वीरेन्द्र जैन, उमेश जैन, जितेन्द्र जैन, पवन जैन पत्रकार, संजय जैन, नरेन्द्र जैन, इंजी, गौरव जैन, भाजपा युवामोर्चा के विनय जैन, धमेन्द्र जैन एवं जैन समाज के वरिष्ठजनों व महिलाओं ने माला दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर सम्मान कर बधाई दी।

मुनिश्री की कलश स्थापना 24 को, भगवान जिनेन्द्र शोभायात्रा अगवानी के साथ होगी

प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि चार माह तक चातुर्मास स्थल पर विराजित होने के लिए भगवान जिनेन्द्र की शोभायात्रा 24 जुलाई को सुबह सात बजे से महाराज बाड़ा से निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई माधवगंज स्थित चतुर्मास स्थल अशियाना भवन पहुंचेगी। वहीं दोपहर एक बजे से साधनमय पावन वर्षयोग समिति व मुख्य सहयोगी संस्था पुलक मंच परिवार ग्वालियर के तत्वावधान श्रमण मुनि श्री विनय सागर महाराज ससंघ के चातुर्मास कलश स्थापना कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्यश्री के चित्र का आवरण, दीप प्रज्वलन, मुनिश्री के पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, संगीतमय गुरुपूजन, स्वागत नृत्य, श्रीफल भेंट एवं मुनिश्री के मंगल प्रवचन होंगे।