मां को गोली मारने वाला बेटा गिरफ्तार

ग्वालियर, 19 जुलाई। मुरार थाना क्षेत्र में मां को गोली मारने के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। घायल मां का दिल्ली में उपचार चल रहा है। बेटे का आरोप है कि मां द्वारा खाना नहीं देने पर उसे गोली मारी थी। पुलिस आरोपी से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
विगत दिवस बड़ा गांव गुलाबपुरी में रहने वाली आशा पत्नी मनोज यादव को बेटे छोटू उर्फ विवेक ने उस समय गोली मार दी थी, जब वह घर में काम कर रही थी। सिर में गोली लगने से घायल महिला को दिल्ली उपचार के लिए भेजा जहां पर उसको भर्ती कराया गया है। आशा को गोली मारने के बाद विवेक घर से फरार हो गया था। मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विवेक सुपावली में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सुपावली में दबिश देकर विवेक को दबोच लिया। विवेक ने आरोप लगाया कि सौतेली मां समय से खाना नहीं देती थीं और प्लाट भी बेच दिया। इसी से आक्रोशित होकर गोली मारी थी। पुलिस ने विवेक से घटना में इस्तेमाल किया गया कट्टा भी बरामद कर लिया है।