पुंज लॉयड फैक्ट्री के सुरक्षा कर्मियों पर हमला, तीन घायल

भिण्ड, 11 जुलाई। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में रिवाल्वर के पुर्जे बनाने वाली पुंज लॉयड कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड स्वयं अपनी रक्षा नहीं कर सके। एक अज्ञात अपराधी ने चाकू से गार्ड, सिक्योरिटी सुपर वाइजर एवं इलेक्ट्रिशियन को घायल कर दिया। इनमें से दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, घायलों को ग्वालियर के बिरला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
मालनपुर में अंतर्राष्ट्रीय कंपनी पुंज लॉयड गन रिवाल्वर पुर्जे बनाने वाली कंपनी में रविवार की रात 8.45 बजे एक अज्ञात व्यक्ति नौकरी की तलाश में आया। वह फैक्ट्री गेट के पास मौजूद गार्ड हरीश चंद्र प्रजापति के समक्ष पहुंचा, उससे चर्चा हुई और पानी पीने के लिए अंदर आया। उसने गार्ड हरिश्चन्द्र पर चाकू से हमला कर दिया। गार्ड लहूलुहान होने के बाद दौड़ता हुआ गनमैन को बुलाने 500 मीटर दूरी पर ऐडम ब्लॉक पहुंचा। गनमेन ने हवाई फायर भी किया, जब तक उसने एक इलेक्ट्रिशियन राघवेन्द्र पुत्र राजेन्द्र सिंह परमार 42 वर्ष को चाकुओं से बुरी तरह खून खच्चर कर दिया। उसने सिक्योरिटी सुपर वाइजर अखिलेश कुमार पुत्र सत्यनारायण चौबे 47 वर्ष पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गया।
फरियादी हरीशचंद्र पुत्र रामकृष्ण प्रजापति गार्ड 32 वर्ष निवासी रावली थाना तरीचर कलां, जिला निवाड़ी मप्र ने पुलिस को बताया कि कंपनी के तीन कर्मचारी कंपनी के घायल हुए। इसमें वह स्वयं, सिक्योरिटी सुपर वाइजर अखिलेश कुमार पुत्र सत्यनारायण चौबे 47 वर्ष निवासी आदित्यपुरम ग्वालियर एवं इलेक्ट्रीशियन राघवेन्द्र पुत्र राजेन्द्र सिंह परमार 42 वर्ष निवासी महाराणा प्रताप कॉलोनी शिवपुरी घायल हुए हैं। तीन लोगों को घायल करने के बाद हमलावर इसी फैक्ट्री के सिक्योरिटी गनमैन पुष्पेन्द्र सिंह को सरिया मारने की धमकी देकर उसकी साइकिल छीन ले गया। लोगों द्वारा पीछा करने पर वह साइकिल छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी विरुद्ध धारा 307 भादंवि के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।