कांग्रेस के नवनियुक्त ग्रामीण और शहर जिलाध्यक्षों का हुआ स्वागत

ग्वालियर से भिण्ड तक जिलाध्यक्ष के काफिले में एक सैकड़ा से अधिक वाहन

भिण्ड, 25 जुलाई। कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह और शहर जिलाध्यक्ष अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा का भिण्ड आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व स्वागत किया। कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों का जोश देखते बन रहा था। भिण्ड में कांग्रेस के सबसे युवा नेता मानसिंह कुशवाह को जिलाध्यक्ष बनाए जाने का जोश सभी युवाओं में देखने को मिला। ग्वालियर से भिण्ड तक जगह-जगह स्वागत देखने को मिला। जिलाध्यक्ष मनोनीति होने के बाद भोपाल से लौटे थे, उनका स्वागत करने सैकड़ों कार्यकर्ता ग्वालियर अगवानी के लिए पहुंचे। सुबह 10 बजे ग्वालियर से निकले कांग्रेसियों ने मालनपुर, गोहद, बाराहेड़, बरहद, मेहगांव, बरोही, दबोहा की पुलिया सहित कई जगह फूलमाला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया। जिलाध्यक्षद्वय शाम करीब पांच बजे सर्किट हाउस के पास मयूर गार्डन धन्यवाद सभा में पहुंचकर सभी कार्यकर्ताओं और अपने चाहने वालों का धन्यवाद प्रकट किया।

रैली में वरिष्ठ नेता रहे साथ

मानसिंह कुशवाह की रैली में ग्वालियर से ही जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उनके साथ मौजूद रहे। इस दरम्यान अनुरुद्ध प्रताप सिंह ने मानसिंह कुशवाह का वाहन सारथी के रूप में संभाला। काफिले में गोहद विधायक मेवाराम जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष रामनारायण हिण्डौलिया, पूर्व भिण्ड-दतिया लोकसभा प्रत्याशी देवाशीष जरारिया, राहुल भदौरिया, पिंकी भदौरिया, संदीप मिश्रा, बृजेन्द्र सिंह कल्लू सहित सैकड़ों कांगे्रसजन रैली में मौजूद रहे।

जाम में फंसी कलेक्टर एसपी की गाड़ी

नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह के प्रथम नगर आगमन पर उनकी रैली में शामिल वाहनों के काफिले के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर घंटों जाम लगा रहा। इधर शहर प्रवेश से पूर्व देहात थाना क्षेत्र के दबोहा गांव की पुलिया के पास करीब एक घण्टे ट्रेफिक जाम रहा। इसी दरम्यान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के वाहन वहां से गुजरे तो जाम के हालात देखते हुए एसपी ने गाड़ी से उतरकर स्वयं जाम खुलवाने के लिए मोर्चा संभाला।