धन का लोभ त्यागें और धर्म की राह पर चलिए : विनय सागर

मुनिश्री ससंघ का 2022 का भव्य साधनमय चातुर्मास ग्वालियर में होगा

ग्वालियर, 07 जुलाई। मनुष्य को दो चीजों से हमेशा दूर रहना चाहिए एक तो क्रोध व दूसरा अहंकार। यह दोनों चीजें मनुष्य के जीवन को नर्क बना देती हैं। जिस मनुष्य के पास धन नहीं होता उसे नींद से उठाने की जरूरत पड़ती है, लेकिन जिसके पास धन होता है उसे सुलाने के लिए नींद की गोलियां देनी पड़ती है। इस लिए धन का लोभ त्यागें और धर्म की राह पर चलिए। यह विचार श्रमण मुनि श्री विनय सागर महाराज ने गुरुवार को दानाओली में धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
मुनि श्री विनय सागर महाराज ने कहा कि हमें गुरू का हाथ नहीं पकडऩा चाहिए, बल्कि गुरू को अपना हाथ पकड़ाना चाहिए, क्योंकि मुश्किल समय में हम गुरू का हाथ छोड़ सकते हैं, लेकिन गुरू हमारा हाथ कभी नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि साधु और गुरू में अंतर होता है। साधु स्वयं के लिए होता है और अपना कल्याण करता है, जब कि गुरू शिष्यों के लिए समर्पित होता है और अपने शिष्यों का कल्याण करता है।

शराब की आदत से व्यक्ति को बचना चाहिए

मुनिश्री ने कहा कि आज दुनिया में जितने भी अपराध होते हैं, उसमें 90 प्रतिशत अपराध का संबंध शराब के साथ होता है। जहां मद्यपान होता है वहां अन्य प्रकार के अपराध होते ही हैं। शराब की आदत से व्यक्ति को बचना चाहिए और इससे बचने के लिए एक ही काम उन्हें करना है, उन्हें देखो जो शराब पीने के आदी हैं और शराब पीने के कारण उनके घर की कहानी क्या है। उनको देखने की कोशिश करो और अपने आपको उससे बचाने का प्रयास करो। यह बहुत खतरनाक चीज है इससे बचना चाहिए।

कष्टों में खुद को ढीला छोडऩा होगा तभी कष्टों से मिलेगी मुक्ति

मुनि श्री विनय सागर महाराज ने कहा कि सबसे पहले कष्टों में खुद को ढीला छोडऩा होगा, तभी जाकर उन कष्टों से मुक्ति मिल सकती है। धर्म के साथ किया गया कर्म ही फलदायी और पापों को दूर करने वाले हैं। धर्म से हटकर किए गए कर्म पीड़ादायी हैं। दुनिया में रहना है तो कष्ट तो भोगने ही पड़ेंगे। भक्त को तटस्थ भाव से सुख और दुख का सामना करना चाहिए। प्रभु को मनाने में एक अडिय़ल भक्त ही सफल हो सकता है। प्रभु पर विश्वास के साथ श्रृद्धा भी करनी चाहिए, तुम भी प्रभु को अपना बना लो।
समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि मुनि श्री विनय सागर महाराज ससंघ दाना ओली में विराजमान है। मुनिश्री का 2022 का भव्य साधनमय चातुर्मास माधौगंज ग्वालियर में होगा।