स्वस्थ समाज के सजग प्रहरी होते हैं चिकित्सक : प्रो. अली

बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ ने किया चिकित्सक दिवस पर डॉक्टरों का सम्मान

भिण्ड, 01 जुलाई। बदलते मौसम और कई आपदाओं सहित महामारी से समाज के स्वास्थ्य की देखभाल प्रागैतिहासिक काल से आज पर्यंत चिकित्सकों द्वारा ही की जाती है। अर्थात चिकित्सक ही स्वस्थ समाज के प्रहरी प्रेरक और सच्चे हितैषी होते हैं, जब घर परिवार के लोग भी थोड़ा अस्वस्थता में साथ छोड़ जाते हैं, तभी डॉक्टर अपनी उपचारात्मक सेवा शुश्रूषा द्वारा मरीजों की जान बचाकर उन्हें स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने में प्रयत्नशील रहते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक प्रो. इकबाल अली ने शुक्रवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित निजी फिजियोथैरेपी क्लीनिक पर चिकित्सक दिवस के अवसर पर डॉक्टर्स के सम्मान समारोह में कही।
उन्होंने केन्द्र और मप्र सरकार की स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए स्वस्थ भारत सुंदर भारत वाले जागरूक समाज पर जोर दिया। प्रो. अली ने सर्वे भवंतु सुखिन: सर्वे भवंतु निरामया वाली सूक्ति को दोहराया। इस संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में डॉ. हिमांशु बंसल, डॉ. देवेश शर्मा, डॉ. प्रतिमा बघेल, डॉ. विपिन तोमर, डॉ. साकार तिवारी, डॉ. वरुण शर्मा, डॉ. ब्रजभान सिंह, प्रभाकर यादव आदि का प्रोत्साहन वर्धन एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शैलेश सक्सेना तथा आभार विपुल सेठ ने किया। इस अवसर पर योगेश शर्मा, विकास कुशवाह, रामाधार सिंह, जगदीश शर्मा, बलबीर बघेल सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।