दबोह में नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मियां हुई तेज

भिण्ड, 29 जून। पंचायत चुनाव खत्म होते ही अब दबोह नगर में नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतार दिया है और दोनों दलों के नेता अधिक से अधिक अपने पार्षद जीत ने का दावा कर रहे हैं। नगर के 15 वार्डों के लिए 50 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस ने अबकी बार नए चेहरों के साथ-साथ युवाओं को मैदान में उतारा है। वहीं दोनों दलों ने कुछ वार्डों में पुराने कार्यकार्ताओं को तो वहीं कुछ हारे हुए प्रत्याशियों पर दांव खेल रहे है।
नगर के वार्ड क्र.14 से भाजपा का कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं है। नगर के कई वार्डों में भाजपा से टिकिट न मिलने से नाराज कार्यकर्ता निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। जिससे इन वार्डों में कांग्रेस को फायदा हो सकता है। बैसे कांग्रेस ने नगर के वार्ड क्र.तीन से जगमोहन तेहरिया को तीसरी बार प्रत्याशी बनाया है। वार्ड क्र.सात से शेरे पठान को दुबारा उम्मीदवार बनाया है। तो वहीं वार्ड क्र.आठ से पूर्व पार्षद दुर्जन पर दांव खेला है। तो भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड क्र.एक से भूतपर्व अध्यक्ष सुशीला घनश्याम, वार्ड क्र.13 से पार्षद का चुनाव हार चुके अरविंद गुप्ता (छोटू नेता) को वार्ड क्र.चार से उम्मीदवार बनाया गया है। तो वहीं वार्ड क्र.सात से पिछली बार चुनाव हार चुके मनोज गुप्ता वार्ड क्र.13 से दीवान सिंह को दुबारा मैदान में उतारा है। कांग्रेस नगर परिषद के चुनाव को बड़े ही गंभीरता से ले रही है। मगर भाजपा के नेताओं की अभी तक कोई गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है। प्रत्याशी ही अपने-अपने वार्डों में मजबूती दिखा रहे हैं अैर घर-घर जा कर पैर छुबाई की रस्म अदायगी कर रहे हैं।
यहां बता दें कि पूर्व में दबोह नगर परिषद पर कांग्रेस का कब्जा था। दबोह में कांग्रेस सभी 15 वार्डों में चुनाव लड़ रही है, तो वहीं भाजपा ने अपने उम्मीदवार 14 वार्डों में उतारे हैं। वार्ड क्र.14 से भाजपा ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। फिलहाल सभी दलों के उम्मीदवार जीत के लिए जोर आजमाइश में लगे हुए हैं।