दिव्यांग एवं बीमार मतदान कर्मचारियों का मेडीकल परीक्षण आज

भिण्ड, 10 जून। त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए निर्वाचन कार्य में संलग्न दिव्यांग एवं बीमार कर्मचारियों का मेडीकल बोड के सामने मेडीकल परीक्षण होना है। मेडीकल परीक्षण 11 जून को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक स्थानीय भू अभिलेख शाखा जिला कलेक्ट्रेट भिण्ड में होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन डॉ. सतीश कुमार एस ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड से कहा है कि आप अपनी मेडीकल बोर्ड की टीम निश्चित समय पर उपस्थित कराकर दिव्यांग एवं बीमार कर्मचारियों का मेडीकल परीक्षण कर रिपोर्ट स्थानीय निर्वाचन की मतदान दल गठन शाखा को प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

साबिया अहमद अल्प संख्यक मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष नियुक्त

भिण्ड। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, भाजपा अल्प संख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रफत वारसी, जिला प्रभारी भाजपा जयप्रकाश राजौरिया, जिलाध्यक्ष भाजपा नाथूसिंह गुर्जर की सहमति से श्रीमती साबिया अहमद को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा भिण्ड जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह जानकारी भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रमाकांत पटसारिया ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में दी है।