आधुनिक भारत के निर्माता थे पं. जवाहरलाल नेहरू : डॉ. शर्मा

शहर कांग्रेस कार्यालय पर श्रृद्धांजलि सभा आयोजित

भिण्ड, 27 मई। देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पं. जवाहरलाल नेहरू की 59वीं पुण्यतिथि पर शहर कांग्रेस कार्यालय भिण्ड पर श्रृद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि पं. जवाहर लाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे, उन्होंने भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाई, आजादी की लड़ाई में वह नौ बार जेल गए, धनाढ्य परिवार से होने के बाद भी भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई में भाग लिया, स्वतंत्रता के पूर्व और पश्चात् की भारतीय राजनीति में केन्द्रीय व्यक्तित्व थे। महात्मा गांधी के संरक्षण में वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सर्वोच्च नेता के रूप में उभरे और उन्होंने 1947 में भारत के एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापना से लेकर 1964 तक अपने निधन तक भारत का शासन किया। वे आधुनिक भारतीय राष्ट्र-राज्य, एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणतंत्र के वास्तुकार माने जाते हैं। कश्मीरी पण्डित समुदाय के साथ उनके मूल की वजह से वे पण्डित नेहरू भी बुलाए जाते थे, जबकि भारतीय बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के रूप में जानते हैं।
श्रृद्धांजलि सभा में नगर कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने कहा कि पं. जवाहरलाल नेहरू ने भारत में शिक्षा के क्षेत्र में एम्स, आईआईएम, आईआईटी की स्थापना की, उनके समय में ही भारत उद्योग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ा। 1947 में वे स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। अंग्रेजों ने करीब 500 देशी रजवाड़ों को एक साथ स्वतंत्र किया था और उस समय सबसे बड़ी चुनौती थी, उन्हें एक झंडे के नीचे लाना। उन्होंने भारत के पुनर्गठन के रास्ते में उभरी हर चुनौती का समझदारी पूर्वक सामना किया। जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। उन्होंने योजना आयोग का गठन किया, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास को प्रोत्साहित किया और तीन लगातार पंचवर्षी योजनाओं का शुभारंभ किया। उनकी नीतियों के कारण देश में कृषि और उद्योग का एक नया युग शुरु हुआ। नेहरू ने भारत की विदेश नीति के विकास में प्रमुख भूमिका निभाई।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा भदौरिया, संदीप मिश्रा, पुष्पलता उर्फ पिंकी जाटव, स्नेहलता जैन, शंकर जैन, आशुतोष शर्मा, विवेक पचौरी, रामजीलाल शाक्य, मोहर सिंह जाटव, दर्शन सिंह तोमर, वीरप्रकाश श्रीवास्तव, सुखप्रीत मिश्रा, सूरजपाल सिंह राजावत, विनोद पंडित, प्रमोद दीक्षित, अजय जैन, संजय यादव, अरविंद सोनी, कुलदीप भारद्वाज, मोहम्मद इरफान, नीलम भदौरिया, पिंटू शर्मा, राजेश कुमार शाक्य, नीरज त्रिपाठी, गोविन्द राजावत, गोविन्द शाक्य, रामहेत शाक्य, राकेश शाक्य, कमलेश जाटव, प्रदीप भदौरिया, भानु भदौरिया आदि कांग्रेसी उपस्थित थे।