मीडिया ने किया समाज को जागरूक : तोमर

महर्षि नारद की जयंती पर गोष्ठी आयोजित

भिण्ड, 22 मई। महर्षि नारद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ गोहद द्वारा गोष्ठी का आयोजन संस्कार पब्लिक स्कूल नगर पालिका प्रागण गोहद में खण्ड संघ चालक महेन्द्र तोमर, खण्ड कार्यवाह अरविंद भदौरिया के आतिथ्य में हुआ। यहां पत्रकारों का सम्मान शॉल व श्रीफल भेंट कर किया गया। मंच संचालन खण्ड प्रचार प्रमुख जितेन्द्र कुमार ने किया। यहां एकल गीत भी प्रस्तुत किए गए।
महर्षि नारदजी की जयंती पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए खण्ड संघ चालक महेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि महर्षि नारद जी ने संतुलन बनाए रखने का कार्य किया, वही भूमिका वर्तमान परिवेश में मीडिया के भाई अदा कर रहे हैं। पूर्व में जहां व्यक्ति घटना की जानकारी से अनिभिज्ञ रहता था वहीं आज मीडिया के माध्यम से हर पल की जानकारी मिल रही है। सरकार का अगर व्यक्ति की शिक्षा में योगदान है तो मीडिया समाज को जाग्रत करने में अग्रणी है, मीडिया न होती तो लोकतंत्र के तीनों स्तंभ निरंकुश हो जाते। गोष्ठी को रामशंकर तोमर, शैलेन्द्र भटेले, देवेन्द्र जैन, आशीष शर्मा ने भी संबोधित किया। आभार दुर्गेश गुप्ता ने प्रकट किया। गोष्ठी में रामनरेश शर्मा, सह खण्ड कार्यवाह निरंजन कंषाना, नगर कार्यवाह गोविन्द सिंह गोतम, श्याम बाजपेयी, राकेश गोड़, राजकुमार जोशी, दीपक उपाध्याय, शिवम सेंगर, जय श्रीवास्तव, विनोद राठौर आदि स्वयं सेवक उपस्थित थे।