गर्मी ने तोड़ा रिकार्ड, तापमान पहुंचा 49 डिग्री सेल्सियस पर

भिण्ड, 15 मई। इस समय समूचे प्रदेश के साथ साथ भिण्ड जिला भी भीषण गर्मी की चपेट में है। सुबह सूर्योदय के पश्चात तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलना शुरू हो जाती हैं, जो रात तक चलती रहती है। दिन में दोपहर 12 बजे के बाद तो ऐसा लगता है कि मानो आसमान से आग बरस रही है। दिन और रात का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले चार पांच दिन से पड़ रही जबरदस्त गर्मी ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए है।


बीते रविवार को जब आलमपुर कस्बे के युवाओं ने मोबाइल पर नगर का तापमान सर्च किया तो मोबाइल स्क्रीन पर आलमपुर का तापमान 49 डिग्री सेल्सियस देखा गया। कूलर पंखे गर्म हवा फैक रहे हैं, असहनीय गर्मी से हर उम्र दराज के लोग हैरान हैं, तो वहीं पशु-पक्षियों का भी बुरा हाल है। भयंकर गर्मी के कारण अब दिन में पक्षियों का कलरब भी सुनाई नहीं देता। गर्मी के तेवर देखकर हर कोई यही कह रहा है कि इतनी भयंकर गर्मी पहले कभी नहीं पड़ी। दिन में गर्मी के रौद्र रूप को देखकर लोग घरों में कैद होने के लिए मजबूर हो गए हैं। दोपहर के समय यदि आलमपुर बाजार सहित बस्ती के अंदर सड़कों पर देखा जाए तो सन्नाटा पसरा दिखाई देता है।