51 कुण्डीय महायज्ञ मे गुंजे वेद मंत्र, हुआ देवों का आह्वान

महायज्ञ से होगा गौ माता के संकट का निवारण : संतोष चौहान

भिण्ड, 10 मई। रावतपुरा सरकार के समीप स्थीत ग्राम वेहटा के सिद्धबाबा आश्रम पर चल रहे 51 कुण्डीय महायज्ञ में मंगलवार को सर्व देव आव्हान किया गया। यज्ञशाला में स्थापित देव मण्डलों का पुजन हुआ। यज्ञ आचार्य पंकज पाराशर ने यजमानों से यज्ञ कुण्ड में वेद मंत्रो से आहुतियां दिलवाईं, यज्ञ में 51 जोड़े यजमान बन कर आहुतियां दे रहे हैं। प्रधान कुण्ड पर यज्ञ पारीक्षित नारायण सिंह बुंदेला (मास्टर) शास्त्रोक्त विधि से देव पूजन कर रहे हैं। आचार्य पंकज पाराशर ने आश्रम के संत विद्यातीर्थ महाराज से प्रधान कुण्ड मे अग्नि प्रज्वलित करवा कर देव आहुतियां दिलवाईं।
यज्ञ व्यवस्था संचालक संतोष चौहान ने बताया कि कलयुग के प्रभाव से सनातन धर्म की आधार स्तंभ गौ माता पर प्राणघातक संकट आ गया, चारों तरफ गौ माता की दुर्दशा हो रही है, जिसके निवारण के लिए यज्ञ कर भगवान से प्राथना की जा रही है। जब-जब देश, धर्म, प्राणीमात्र पर संकट आया तब-तब संतों ने निवारण के लिए यज्ञ करवाए। यह यज्ञ भी गौ माता के संकट निवारण के लिए एवं प्राणीमात्र के कल्याण के लिए जन सहयोग से करवाया जा रहा है। यज्ञ के प्रभाव से समाज के लोगों में गौ माता के प्रति आस्था का भाव जगेगा, कलयुग का प्रभाव कम होगा, समाज में सुख शांति स्थापित होगी। यज्ञ में भागवत कथा एवं रामलीला का आयोजन भी किया जा रहा है।