बरहद में चल रही भागवत कथा में हुई श्रीकृष्ण जन्म की लीला

भिण्ड, 23 फरवरी। मेहगांव क्षेत्र के ग्राम बरहद में मौनी बाबा के पुराने मन्दिर पर चल रही श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ में बुधवार को पांचवे दिन की कथा में भागवताचार्य पं. रामअवतार कटारे ने मुखारविंद से भगवान कृष्ण के जन्म की लीला का वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार कंस के अत्याचारों से मुक्त करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने कारागार में भी जन्म ले लिया था। जिसके बाद उन्होंने भगवान कृष्ण के द्वारा गोकुल की बाल लीला का वर्णन किया। आज की कथा में भगवान कृष्ण और इन्द्र के बीच हुए विवाद के कारण भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को धारण किया। जिसे आज हम गिर्राज जी या गिर्राज पर्वत के नाम से भी जानते है। जहां आज हमारे इस क्षेत्र से लाखों लोग हर माह पैदल परिक्रमा देते है।


मन्दिर के महंत शंकर दास महाराज ने कहा कि भागवत कथा सुनने से पुण्य लाभ मिलता हैं और भागवत कथा सुनने वाले का भी जीवन धन्य हो जाता है। आज कथा में पं. रामअवतार कटारे का सम्मान जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नाथूराम शर्मा चुरारिया, जिला महामंत्री कांग्रेस अमित दांतरे पिंकी, ब्रजेश पुरोहित, शिवकुमार मिश्रा ने किया। कथा को श्रवण करने ग्राम बरहद एवं आस-पास के कई गांव के लोग भी भारी संख्या में सुनने के लिए आ रहे है।