आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत एक दिनी प्रशिक्षण आयोजित

भिण्ड, 21 फरवरी। नेहरू युवा केन्द्र संगठन भिण्ड से संबद्ध आकोन युवा मण्डल के तत्वावधान में आत्मनिर्भर भारत अभियान का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत भवन डिड़ी में किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सदस्य बाल कल्याण बोर्ड भिण्ड सुनील दुबे एवं विशिष्ठ अतिथि के रूप में नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू, प्राचार्य राजकुमार दुबे, वक्ता के रूप में ग्राम सामाजिक एनिमेटर जनपद पंचायत भिण्ड जितेन्द्र सिंह यादव, पूर्व एनवाईवी नेहरू युवा केन्द्र संजय सिंह यादव मौजूद रहे। अध्यक्षता रिटायर्ड सूबेदार सरनाम सिंह यादव ने की।
नेहरू युवा केन्द्र के डीवाईसी आशुतोष साहू ने बताया कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में हमारे देश में निर्मित वैक्सीन, पीपी किट, मास्क, सैनिटाइजर आदि वस्तुओं का निर्माण कर और उनका उपयोग कर देश ने आत्मनिर्भर बनने का उदाहरण दिया। साहू ने मुद्रा लोन के तहत शिशु लोन एवं केसीसी सूचना के अधिकार के बारे में जानकारी देते हुए युवाओं को प्रेरित किया।
सुनील दुबे ने बताया कि छोटे-छोटे समूह बनाकर लघु उद्योग स्थापित कर हम अपने समाज को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। जितेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि देश को आत्मनिर्भर बनने हेतु हमें अपने देश में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करना होगा और हमें स्वयं से यह पहल करनी होगी तभी हम आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार कर सकते हैं। आप सभी लोग जानते है कि कोरोना वायरस के कारण पूरे देश के लॉकडाउन की स्थिति चल रही है, जिसका सबसे ज्यादा बुरा असर देश के सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्योगों, श्रमिकों, मजदूरों और किसानों पर पड़ रहा है, इन सभी नागरिकों को लाभ पहुंचाने के लिए भारत सरकार ने देश के सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्योगों, श्रमिकों, मजदूरों और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आर्थिक पैकेज का ऐलान कर दिया। इस योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा चुने गए इन सभी लाभार्थियों को सबसे बड़ी सहायता राशी आर्थिक पैकेज के रूप प्रदान की जाएगी। केन्द्र सरकार की इस मदद से भारत देश एक नई ऊंचाई की तरफ जाएगा।
मंच का संचालन कर रहे आकोन युवा मण्डल अध्यक्ष से योगेश यादव ने आत्मनिर्भर के पांच स्तंभ- अर्थशास्त्र, आधारभूत संरचना, प्रणाली, जीवंत जनसंख्यक और मांग के बारे में विस्तृत चर्चा की। आभार मण्डल सचिव दिलीप यादव ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में रवि यादव, देवेन्द्र यादव, सौरव यादव, आलोक यादव, ओमकार यादव, मनीष बघेल, सुशील यादव, कुंजबिहारी, सुमन यादव, सचिन यादव, बलवीर बघेल, वैभव दुबे आदि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।