कांग्रेस ने घर-घर चलो अभियान के तहत वार्ड आठ में किया जनसंपर्क

भिण्ड, 17 फरवरी। शहर और नगर कांग्रेस भिण्ड द्वारा घर चलो घर-घर चलो अभियान गुरुवार को नगर के वार्ड क्र.आठ में चलाया गया और 23 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के राजीव गांधी स्पोट्र्स परिसर एमजेएस कॉलेज पर सुबह 10:30 बजे आगमन पर लोगों को पीले चावल देकर आमंत्रित किया।
घर-घर चलो अभियान के तहत शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आम जनता ने 15 वर्षों की बीजेपी सरकार को बदलने का निर्णय लिया था, लेकिन भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या कर कांग्रेसी विधायकों को खरीद कर दोबारा सत्ता में वापसी कर ली, आमजन को कमलनाथ से माफिया मुक्त मप्र की उम्मीद थी, रोजगार के लिए भटकती युवाओं को रोजगार देने की कल्पना थी, कर्ज में डूब कर आत्महत्या कर रहे किसानों को उभारने का सपना था। आपका कांग्रेस के पक्ष में मतदान प्रदेश में व्याप्त जंगलराज से आजादी की लड़ाई थी और मप्र में सही सरकार और नई सरकार बनाने की कोशिश थी और कमलनाथ जी ने आपकी उम्मीदों के अनुरूप मप्र बनाने का सपना बुना था।
इस अवसर पर भिण्ड विधानसभा क्षेत्र प्रभारी बृजेन्द्र सिंह कल्लू, नगर अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, संजीव बरुआ, दीपचंद तिवारी, शंकर जैन, अरुण शर्मा वकील, बलराम जाटव, मोहर सिंह जाटव, दर्शन सिंह तोमर, राहुल कुशवाह, विवेक शुक्ला, संजय यादव, सूरजपाल सिंह राजावत, जितेन्द्र वर्मा आदि कांग्रेसी उपस्थित थे।