भिण्ड में रिटायर्ड आर्मी मैन लापता, बेटा पुलिस को लेकर पहुंचा क्वारी नदी

मुंबई में बैठे तांत्रिक के कहने पर नदी में मिले शव को पिता का बताया

भिण्ड, 08 फरवरी। गोरमी थाना क्षेत्र में रहने वाला एक युवक अपने पिता का शव नदी में होने की सूचना लेकर पुलिस के पास पहुंचा। युवक का पिता रिटायर्ड आर्मी मैन था और पिछले दो महीने से लापता था। युवक व पुलिस भिण्ड के नजदीक डिड़ी गांव के पास क्वांरी नदी पर पहुंचे। यहां पहुंचकर युवक ने एक फोन लगाया, जिस पर उसे मुंबई के तांत्रिक ने नदी की दिशा बताई, जिसमें एक शव दिखा। गोरमी पुलिस ने शव निकालकर पीएम कराया। यह शव रिटायर्ड आर्मी मैन का है या नहीं? इसकी पड़ताल जारी है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
भिण्ड के गोरमी क्षेत्र के ग्राम घिलौआ के रहने रिटायर्ड आर्मी मैन बलवीर सिंह सिकरवार सात दिसंबर को अपने घर से भिण्ड में रहने वाली बहन के घर गए। यहां भांजे के साथ आठ दिसंबर को ग्वालियर गए और फिर वापस आ गए। इसके बाद नौ दिसंबर की शाम बहन के घर अंबेडकर नगर भिण्ड से बिना बताए चले गए। इसके बाद कोई जानकारी नहीं लग रही थी। बलवीर के बेटे जीतेन्द्र ने 24 दिसंबर को गोरमी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस द्वारा की गई तलाश में अब तक कोई जानकारी नहीं लगी।
पुलिस ने बलवीर के मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश करनी चाही तो लास्ट लोकेशन अंबेडकर नगर में उक्त दिनांक की मिली थी। जीतेन्द्र के चाचा का लड़का पारथ सिंह सिकरवार जो कि मुंबई में रहता है उसने बताया कि मैंने एक तांत्रिक से बातचीत की थी वो चाचा के बारे में बता रहा था। इसके बाद युवक ने बातचीत की तो उसने बताया कि आपके पिता की बॉडी एक नदी में दिख रही है। इस बात की जानकारी जीतेन्द्र ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस तलाश के लिए निकली।

मोबाइल पर बताई बॉडी होने की दिशा

इसके बाद जब जीतेन्द्र, तांत्रिक से बातचीत करते हुए दिशा और स्थान पर पहुंचा। यहां तांत्रिक ने कहा कि पुल से नीचे पूर्व दिशा की ओर नीचे नदी के पास जाओ। इसके बाद युवक ने वीडियो कॉल पर चाचा के लड़का जीतेन्द्र के माध्यम से बात की। इसके बाद तांत्रिक द्वारा बताई गई दिशा के आधार पर नदी की ओर गया। यहां पुलिस और जीतेन्द्र को एक शव दिखा। शव के कमर में गमछे से पत्थर कमर और गले में बंधे मिले, जिस वजह से शव पानी में डूबा हुआ था। पुलिस ने शव को निकलवाया। इसके बाद शव का पीएम कराया गया। पुलिस अभी शव को लेकर संदेह जाहिर कर रही है। शव का पीएम कराकर दफन कराया गया। पुलिस पूरे मामले में बारीकी से पड़ताल कर रही है।