गुरियांची में एक और बुर्जुग पर जान लेवा हमला

भिण्ड, 03 फरवरी। मौ थाना क्षेत्र के ग्राम गुरियाची गांव में तीन दिन में दूसरी वारदात घटित हुई। यहां खेत पर बने कमरे में सो रहे बुजुर्ग पर जान लेवा हमला हुआ। घटना के समय पीडित का बेटा भी मौजूद था।
जब उसने पिता को खून से लथपथ देखा तो वो दहशत में आ गया और उसने हाथ तक नहीं लगाया। इसी समय उसने अपने भाइयों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पीडि़त को उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया है और पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह को घटना की जानकारी लगी तो मामले की स्वयं छानबीन करने के लिए ग्राम गुरियांची पहुंचे। उल्लेखनीय है कि इसी गांव में तीन दिन पहले पूर्व सरपंच की हुई हत्या के मामले में भी जांच पड़ताल कर रहे हैं।
गोहद एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी ने घटना के संबंध में बताया कि गुरयाची गांव में रहने वाले रुस्तम सिंह यादव उम्र 70 वर्ष रात के समय अपने बेटे कल्लू यादव के साथ खेत पर बने ट्यूवबैल पर सोने के लिए गया। बुजुर्ग रुस्तम कमरे में सो गया। जबकि कल्लू कमरे के ऊपर बने कमरे में जाकर सो गया। रात करीब ढाई बजे गोलियां चलने की आवाज आई। यह आवाज को सुनकर कल्लू डर गया। वो अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। कुछ देर बाद नीचे के कमरे से पिता के तडपने की आवाज आई। इसके बाद कल्लू सीढ़ी से नीचे उतरा तो पिता को खून में लथपथ देख दहशत में आ गया। इसके बाद उसने पहले दोनों छोटे भाईयों को फोन पर सूचना दी। इसके बाद दोनों भाई खेत पर आ गए। इसी समय मौ पुलिस मौके पर आ गई। करीब एक घण्टे बाद पुलिस के आने के बाद पीडि़त बुजुर्ग को पहले मौ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर उपचार के लिए ले जाया गया। यहां से पीडि़त को उचित उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस को मौके पर दो कारतूस भी मिले हैं। घायल के सिर व पीठ के पास घाव के निशान है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपीगणों की तलाश जारी है।

पूर्व सरपंच का हुआ था मर्डर

इसी गांव के पूर्व सरपंच कप्तान सिंह की हत्या विगत शनिवार-रविवार की मध्य रात हुई थी। इन दोनों घटना स्थलों के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी है। दोनों वारदातें एक जैसी है। दोनों ही बुजुर्ग थे। हालांकि एक की मौत हो गई जबकि दूसरा अस्तपाल में भर्ती है। पहली घटना की गुत्थी सुलझ भी नहीं पाई कि दूसरी वारदात हो गई।